फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विरोध के चलते बैरंग लौटी रेलवे की टीम

विज्ञापन
विज्ञापन
गौरीबाजार। रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के बाद कस्बे के मध्य स्थित पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग को बंद कराने को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। क्रॉसिंग बंद किए जाने की सूचना पर व्यापारी और आम लोग धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे रेलवे के अफसरों से उनकी जमकर नोक-झोंक हुई। नागरिकों का कहना था कि बिना अंडरपास निर्माण हुए वह क्रॉसिंग बंद नहीं करने देेंगे। करीब दो घंटे तक तनाव की स्थिति रही। सदर विधायक जन्मेजय सिंह ने रेलवे के अफसरों से वार्ता की। मामले को शासन तक पहुंचाते हुए समाधान की बात कही। रेल अधिकारी 15 दिनों की अवधि तय करते हुए इस चेतावनी के साथ लौटे कि अगर इस दौरान कोई फैसला नहीं हुआ तो वह क्रॉसिंग बंद करा देेंगे।
विज्ञापन

नगर के मध्य स्थित पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग से आने-जाने वालों की सहूलियत के लिए ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया है। क्रॉसिंग पर बेधड़क आवाजाही से हादसों के खतरों को देखते हुए रेलवे ने इसे बंद करने का फैसला लिया है। गुरुवार को इसकी सूचना मिली तो लोग लामबंद हो गए। कोई कदम उठाते, इससे पहले ही शुक्रवार को रुद्रपुर एसडीएम रामविलास राम, एएसपी गणेश साहा, रेलवे के सेक्शन इंजीनियर संजय कुमार, सहायक अभियंता राजेंद्र सिंह, यातायात निरीक्षक अजीत यादव की अगुवाई में अफसर दल-बल के साथ क्रॉसिंग बंद करने पहुंच गए। यह देखते ही कस्बे के व्यापारी व आम लोग क्रॉसिंग के पास ही धरने पर बैठ गए। धरना अभी चल ही रहा था कि रेलवे ने जेसीबी भी मंगा ली। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। लोग नारेबाजी करने लगे। रेलवे के अफसरों से तीखी नोक-झोंक शुरू हो गई। सूचना पाकर क्षेत्रीय विधायक जन्मेजय सिंह भी पहुंचे। आक्रोशित लोगों को शांत कराते हुए रेल अधिकारियों से वार्ता की। जनहित का हवाला देते हुए क्रॉसिंग के पास अंडरपास बनाने की जरूरत बताई, मगर रेल अफसर इस पर सहमत नहीं थे। विधायक ने इस बाबत मुख्यमंत्री और रेलवे के उच्चाधिकारियों से वार्ता की बात कही। काफी देर तक चली वार्ता के बाद इस पर सहमति बनी कि 15 दिनों तक यथास्थिति रहेगी। इस दौरान उच्च स्तर से अंडरपास बनाने पर कोई फैसला नहीं हुआ तो क्रॉसिंग बंद करा दिया जाएगा।

क्रॉसिंग बंद हुआ तो दो हिस्सों में बंटेगा नगर
धरनास्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग के दोनों तरफ दुकान, मकान व अन्य संस्थान है। क्रॉसिंग पार कर लोग आसानी से आवागमन कर लेते हैं। क्रॉसिंग पर फाटक भी और गेटमैन की भी तैनाती रहती है। ओवरब्रिज से आवागमन दुरूह हो जाएगा। अगर क्रॉसिंग स्थायी रुप से बंद हो गया तो नगर दो हिस्सों में बंट जाएगा। इसका सीधा असर व्यापार, कारोबार पर पड़ेगा। लिहाजा क्रॉसिंग के पास ही अंडरपास बनाया जाना चाहिए। धरने में नगर पंचायत चेयरमैन निलेश कुमार जायसवाल, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष विद्यासागर जायसवाल, जिला उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष तेजप्रताप जायसवाल, पूर्व चेयरमैन विजय सैनी, लक्ष्मण सिंह, मुन्ना गुप्ता, प्रदीप मद्धेशिया, सीताराम मद्धेशिया, प्रेम निगम, सत्यम जायसवाल, नितेश मद्धेशिया, रत्नाकर सिंह, रामजी वर्मा आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें