देवरिया में प्रदर्शन करते वकील।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। वकीलों ने दूसरे दिन भी रजिस्ट्री कार्यालय में ताला बंद रखा। दोनों दिनों से जमीन की रजिस्ट्री का कार्य ठप होने से लाखों रुपये राजस्व का नुकसान हुआ। स्टांप के एक आईजी ने वकीलों को फोन कर समझाने का प्रयास किया। लेकिन जिद पर अड़े वकीलों ने उनकी नहीं सुनी। नाराज वकीलों ने एसपी के खिलाफ नारेबाजी की।
अध्यक्ष विद्यासागर मिश्र ने कहा कि एसपी के तबादले तक आंदोलन जारी रहेगा। एसपी की तानाशाही जब तक बंद नहीं होगी तब तक वकील मानने वाले नहीं हैं। तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नर्वदा चौहान और कन्हैया मिश्र पर दर्ज किया गया फर्जी केस वापस किया जाए। वकीलों पर बेवजह दबाव बनाने के लिए एसपी फर्जी मुकदमा दर्ज करा रहे हैं। पुलिस की पिटाई से घायल पूर्व अध्यक्ष अस्पताल में भर्ती हैं। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता ने कहा कि वकीलों के आंदोलन को अफसर हल्के में न लें। अगर डीएम चाहे होते तो इतना बवाल नहीं बढ़ता। वकील कन्हैया मिश्रा की जमीन पर हुए कब्जा को अभी तक खाली नहीं कराया गया। दो दिनों से रजिस्ट्री कार्यालय पर तालाबंदी के चलते जमीन की रजिस्ट्री कराने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं न्यायिक कार्य से वकील विरत रहे। इस दौरान राधाकृृष्ण शुक्ला, बृजबांके तिवारी, जनार्दन गिरी, संजय श्रीवास्तव, विनोद मणि, अजय मल्ल, विष्णु प्रकाश गुप्ता आदि मौजूद रहे।