सुनील कुमार सिंह
देवरिया। नगर पालिका परिषद के जिम्मेदारों की मिलीभगत से स्टेशन रोड स्थित पट्टे की जमीन में स्थायी निर्माण कराया जा रहा है। देवरिया खास मोहल्ले के रहने वाले शिकायतकर्ताओं ने सीएम, डीएम और ईओ को पत्र लिखकर निर्माण रोकने और कार्रवाई की मांग की है।
स्टेशन रोड पर सुलभ शौचालय के बगल में नगर पालिका परिषद की जमीन है। 28 फरवरी 2015 को नगर पालिका परिषद की ओर से शम्सी अनवर को पट्टा कर दिया गया। इसके लिए मात्र 750 रुपये प्रतिमाह किराया तय किया गया। इधर कुछ दिनों पूर्व से नगर पालिका परिषद की मिलीभगत से इस पट्टाशुदा जमीन पर स्थायी निर्माण कराया जा रहा है। किसी ने इसकी शिकायत एसडीएम से की थी। इसके बाद एसडीएम सदर, सीओ सिटी, नगर पालिका के ईओ और टीएस मयफोर्स मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काम को रोकवा दिया था, लेकिन जिम्मेदारों की यह कड़ाई बहुत दिन तक नहीं चली। फिर से यहां तेजी से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बेसमेंट का छत तैयार हो गया है। पहले मंजिल के लिए दीवार तैयार की जा रही है। देवरिया खास मोहल्ले के रामायण शर्मा और सैफुद्दीन ने अवैध निर्माण को रोकने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि लाखों रुपये कीमत की जमीन को मामूली किराए पर दिया गया है। बिना नक्शा पास कराए ही निर्माण हो रहा है। एसडीएम सदर राकेश सिंह का कहना है कि इस संबंध में नगर पालिका के जेई से पूछा गया है। उनकी तरफ से जवाब नहीं आया है। जल्द कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि नियम के मुताबिक किसी भी तरह के पट्टे की जमीन पर स्थायी निर्माण नहीं कराया जा सकता है। इस जमीन पर टीनशेड आदि रखकर अस्थायी रूप से कार्य हो सकता है।