रुद्रपुर। नगर में छुट्टा पशुओं की तादाद बढ़ती जा रही है। नगरवासियों के लिए छुट्टा पशु परेशानी का सबब बन गए हैं। किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बाढ़ के बाद एकाएक छुट्टा पशुओं की संख्या को लेकर लोग परेशान हैं।
मुख्य बाजार में पशु झुंड में चल रहे हैं। ऐसे में राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ के कारण गांव, देहात से नगर में पहुंचे पशुओं से बस स्टेशन, खजुहा चौराहा, जामुनी चौराहा जाम हो जा रहा। बीच सड़क में गोवंशीय पशुओं के बैठ जाने से आवागमन बाधित हो रहा है। व्यापारी मैनेजर गुप्ता, शिवानंद जायसवाल, मुन्ना जायसवाल, मनीष भाटिया आदि ने कहा कि बाजार में छुट्टा पशुओं का आतंक है। वह सड़क पर बेखौफ घूम रहे हैं। कई राहगीरों को शिकार बना रहे हैं। दुकानों से सामान आदि गिरा दे रहे हैं। नगर के इर्दगिर्द हुई खेती को भी छुट्टा पशु नुकसान पहुंचा रहे हैं। खजुहा गांव के किसानों ने घूम रहे पशुओं का इंतजाम करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पशु धान और मक्के की फसल को चौपट कर रहे हैं। एसडीएम ने कहा कि नगर पंचायत को पशुओं का बंदोबस्त करने का निर्देश दिया गया है।