देवरिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज ने रविवार की शाम बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों की अंतरिम सूची जारी कर दी। इससे विगत तीन चार दिन से केंद्रों की संख्या को लेकर लग रहीं अटकलों को विराम लग गया। बोर्ड ने कुल 163 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।
यूपी बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के चयन के लिए साफ्टवेयर का सहारा लिया। 24 नवंबर तक विद्यालयों द्वारा पोर्टल पर अपलोड विवरणों को संशोधित कर अपडेट किया गया। 27 नवंबर को सूची जारी करने की तिथि निश्चित की गई थी। तब से ही जिलेभर के विद्यालयों के संचालक परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे थे।
रविवार की शाम बोर्ड ने सूची जारी कर दी। इसमें 163 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर कुल 115967 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसमें हाईस्कूल के 57556 और इंटर के 58411 परीक्षार्थी परीक्षार्थी शामिल हैं। केंद्रों की इस सूची पर चार दिसंबर तक ऑनलाइन आपत्तियां की जा सकेंगी।
इन आपत्तियों पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति 11 दिसंबर तक निर्णय लेगी। इस पर विचार करते हुए यूपी बोर्ड 17 दिसंबर को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी करेगा। सह जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन भारती ने बताया कि यूपी बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दिया है। इसमें 163 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
पिछले वर्ष से 16 केंद्र कम बने
विगत सत्र 2025-26 के लिए यूपी बोर्ड ने 179 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया था। तब परीक्षार्थियों की संख्या 126159 थी। इस बार परीक्षार्थी घटकर 115967 रह गए हैं। इसके चलते परीक्षा केंद्रों की संख्या भी घटकर महज 163 रह गई है। हालांकि जिलास्तरीय समिति के निर्णय के बाद इसमें कुछ अंतर आ सकता है। वहीं 2023-24 के सत्र में कुल 180 विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। तब परीक्षार्थियों की संख्या 129175 थी। जो वर्तमान सत्र में परीक्षार्थियों की संख्या से 13208 कम हो गई है।