बरहज। एसआईआर फाॅर्म भरे जाने के लिए राजस्व सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके कारण आय, जाति, निवास आदि प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आखिरी तिथि होने और प्रमाणपत्र जारी न होने के कारण आवेदक पशोपेश में हैं। समय से प्रमाणपत्र जारी नहीं होने से ज्यादातर लोग आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आवेदन करने से वंचित रह गए।
आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगा गया था, जिसकी आखिरी तिथि 30 नवंबर थी। नगर के अलावा भलुअनी, मगहरा, करुअना, गड़ेर, कपरवार, सोनाड़ी, कपरवार, पैना आदि क्षेत्रों के लोग आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आवेदन को लेकर पशोपेश में दिखे। प्रेमकला देवी, अनीता देवी, पूजा आदि का कहना है कि आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए सहज जनसेवा केंद्र से समय से आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन आज तक प्रमाणपत्र जारी नहीं किया गया।
कर्मचारी एसआईआर में ड्यूटी लगाए जाने का हवाला दे रहे हैं। सभी का कहना था कि नौकरी के लिए मौका मिला था लेकिन प्रमाणपत्र जारी न होने के कारण आवेदन ऑनलाइन कराने से वंचित रह गए हैं। एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी ने बताया कि एसआईआर फॉर्म के कारण आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र जारी किए जाने में कोई दिक्कत नहीं थी। पता कराता हूं।