कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमी, 16 पॉजिटिव मिले, जनपद में 135 हुई सक्रिय मरीजों की संख्या
देवरिया। कोविड संक्रमण की रफ्तार थम गई है। शनिवार को 16 नए संक्रमित मिले। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 135 हो गई है। फिर भी लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
शहर क्षेत्र की एक महिला इलाज कराने जिला महिला अस्पताल में पहुंची। जांच में संक्रमित मिली। उसके परिवार में दस सदस्य हैं। इसी क्षेत्र का एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। सदर ब्लाक का एक बालक व एक किशोर भी पॉजिटिव मिले हैं।
विकास खंड बरहज का एक व्यक्ति बारह दिन से बुखार से पीड़िता था। जांच में संक्रमित मिला। परिवार में चार लोग हैं। पथरदेवा ब्लाक का एक युवक को विदेश जाने के लिए नोयडा पहुंचा। वहां जांच में पॉजिटिव मिला। उसके परिवार में सात सदस्य हैं। इसी ब्लाक का एक किशोर वैक्सीन लगवाने पहुंचा। जांच में संक्रमित मिला। इसी क्षेत्र की एक महिला भी पॉजिटिव मिली है। भाटपाररानी तथा रुद्रपुर ब्लाक के दो पुरुष व एक महिला भी संक्रमित मिली है। रुद्रपुर क्षेत्र का एक किशोर वैक्सीन लगवाने पहुंचा। वहां जांच में संक्रमित मिला। उसके परिवार में आठ सदस्य हैं। भलुुअनी ब्लाक का एक व्यक्ति को दो दिन से खांसी तथा बुखार से पीड़ित है। जांच में पॉजिटिव मिला। परिवार में पांच लोग हैं।
109 लोगों का चल रहा होम आइसोलेशन में इलाज
अब तक 22482 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं। वहीं 22,120 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 109 लोग होम आइसोलेशन में हैं। होम आइसोलेशन में 59 लोग आज ठीक हुए हैं। अन्य जनपदों के विभिन्न चिकित्सालयों में 26 लोगों का इलाज हो रहा है। यहां एमसीएच विंग स्थित एल-टू अस्पताल में एक भी मरीज भर्ती नहीं है।
कोरोना संक्रमण कम हुआ है। शनिवार को 2506 लोगों की जांच की गई। इसमें 974 एंटीजन, 1532 आरटीपीसीआर जांच शामिल है। जनपद में 16 पॉजिटिव केस मिले हैं। एक्टिव केस 135 है। पॉजिटिव केस के सापेक्ष 450880 लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग कराई गई। लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। साथ ही कोविड प्रोटोकाल का पालन करना आवश्यक है। -डॉ. आलोक पांडेय, सीएमओ