हर विधानसभा के 14 टेबल पर गिने जाएंगे आपके वोट
फोटो-
----
- मतगणना को चुनौती के रुप में करें स्वीकार, निभाएं जिम्मेदारी
- अभिलेखीय प्रविष्टियां सही व स्पष्ट अंकित की जाए: डीएम
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। शांतिपूर्ण मतदान के बाद अब प्रशासन मतगणना की तैयारियों में जुट गया है। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र के वोटों की गिनती होगी। हर विधानसभा क्षेत्र के पंडाल में 14-14 टेबल लगेंगे। एक अन्य टेबल आरओ और टेबुलेशन के लिए होगा। खास बात यह कि इस बार ईवीएम के बाद पांच बूथों के वीवीपैट से भी वोटों की गिनती की जाएगी। ताकि परिणाम पर संशय की गुंजाइश न रहे।
सोमवार को टाउन हॉल सभागार में मतगणना कर्मचारियों के प्रशिक्षण लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अमित किशोर ने कहा कि मतगणना को चुनौती के रुप में स्वीकार कर अपने कार्य को पारदर्शिता पूर्ण अंजाम देते हुए इसे पूर्ण कराने में योगदान दें, ताकि कोई भी व्यक्ति निर्वाचन कार्य पर अंगुली न उठा सके। उन्होंने कहा कि कार्य में समयबद्धता के साथ-साथ निष्पक्षता भी जरूरी है। इसकी शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारी अपने काम को जिम्मेदारी से निभाएं। प्रपत्रों पर अंकित प्रविष्टियां सही व स्पष्ट लिखें। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए आप बधाई के पात्र है। सीडीओ एवं प्रभारी अधिकारी कार्मिक शिव शरणप्पा ने कहा कि मतगणना हाल में मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना कर्मियों के लिए अलग से वाहन स्टैंड बनेगा। इस मौके पर सीआरओ राम सहाय यादव, सभी एसडीएम, डीडीओ श्रीकृष्ण पांडेय, उपायुक्त मनरेगा गजेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
----
पांच बूथों के वीवीपैट पर्ची की होगी गिनती
हर विधानसभा क्षेत्र में अंतिम चक्र की मतगणना समाप्त होने के तुरंत बाद पांच मतदेय स्थलों को रेंडम आधार पर चुन कर वीवीपैट की पर्चियों की गिनती की जाएगी। इसके बाद वोटों की संख्या को ईवीएम के परिणाम से मिलान किया जाएगा। एक टेबल पर जाली से घेरकर बैंक कैशियर केबिन की भांति वीवीपैट गणना बूथ बनाया जाएगा।