भूमि विवाद में दो जगहों पर मारपीट में पंद्रह घायल
खुखुदूं। थाना क्षेत्र के रुपई और सोनरापार गांव में बुधवार की सुबह जमीन विवाद में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान हुए पथराव और धारदार हथियार के वार से 15 लोग जख्मी हो गए। पुलिस को देख सभी भाग निकले। थाने पहुंच घायल ने तहरीर दी। रुपई गांव के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से चार-चार लोगों का शांति भंग में चालान किया है। जिसमें चार महिलाएं भी शामिल हैं।
रुपई गांव निवासी दिव्यांग विनोद पांडेय के पड़ोसी चुम्मन पांडेय से जमीन विवाद चला आ रहा है। विनोद पांडेय का आरोप है कि विवादित भूमि पर बुधवार सुबह चुम्मन पांडेय निर्माण कराने लगे। विरोध करने पर मारपीट और पथराव शुरू कर दिया। उनके अलावा पत्नी शोभा देवी, बेटा संतोष पांडेय, प्रमोद पांडेय, गायत्री देवी, अंजना तिवारी, सौम्या पांडेय, शिखा पांडेय घायल हो गईं। चुम्मन पांडेय का कहना है कि भूसा रखने के लिए पॉलीथिन से ढकवा रहा था। मारपीट में उनके अलावा बेटी चांदनी पांडेय और चंदा मिश्रा घायल हुई हैं। घायलों में अधिकतर के सिर पर चोटें आई हैं।
दूसरी मारपीट की घटना सोनरापार की है। यहां भी जमीन विवाद में धारदार हथियार से हमले का आरोप है। हमले में गौतम चौहान और अगस्त मुनि चौहान तथा दूसरे पक्ष से फूलवा देवी के घायल होने की सूचना है। एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि रुपई प्रकरण में चार महिलाओं और चार पुरुषों का चालान किया गया है। सोनरापार के मामले में एक पक्ष ही अभी थाने आया है। दूसरे को बुलाया गया है। इसमें कोई कार्रवाई नहीं हुई है।