देवरिया। रामपुर कारखाना क्षेत्र के बरारी गांव में डायरिया ने पांव पसार दिया है। पांच लोग इस बीमारी की चपेट में हैं। एक ही परिवार के चार मरीज हैं, जबकि एक पड़ोस की महिला भी पीड़ित है। हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गांव के लोगों का कहना है कि डायरिया के प्रकोप की सूचना के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची।
बरारी गांव की सुमित्रा पत्नी रमेश को दो दिन पहले उल्टी-दस्त शुरू हुआ। हालत गंभीर देख परिजन जिला अस्पताल लाए। इसके बाद में इस बीमारी ने गांव में पांव पसारना शुरू कर दिया। देखते-देखते अंकित पुत्र रमेश, सुमारी पुत्र रमेश और रमेश डायरिया के चपेट में आ गए। पीड़ितों का इलाज जिला अस्पताल में चल ही रहा था कि पड़ोस की यशोदा पत्नी अयोध्या सिंह भी बीमारी की चपेट में आ गईं। परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गांववालों का कहना है कि एक ही गांव में पांच लोगों के डायरिया से पीड़ित होने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं जागी। न ही छिड़काव आदि की व्यवस्था की गई।