पकड़ी बाजार। मदनपुर थाने के बरडीहादल गांव में दो समुदाय के लोगों में जमकर मारपीट हुई। मामला मोबाइल से मिसकॉल करने को लेकर बिगड़ा। शिकायत पर एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय के युवक से मोबाइल छीन लिया। इस बात को लेकर दोनों समुदायों के लोगों में मारपीट हुई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में तनाव है, पुलिस फोर्स लगा दी गई है। पुलिस ने 13 लोगों पर दलित उत्पीड़न का केस दर्ज किया है।
आरोप है कि गांव के भोरिक प्रसाद का बेटा विजय गांव के एक समुदाय की महिलाओं के मोबाइल फोन पर ‘मिसकॉल’ करता था। महिलाओं ने जब यह बात परिवार के लोगों को बताई तो उन्होंने विजय का मोबाइल फोन छीन लिया। इस बात को लेकर दूसरे समुदाय के लोग मोबाइल मांगने गए तो दोनों पक्षों में मारपीट हुई। भोरिक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दूसरे समुदाय के लोग गोलबंद होकर लाठ लेकर टूट पड़े। उन्होंने घरों में घुसकर पिटाई की। बचने के लिए लोगों ने दरवाजा बंद कर लिया। आरोपियों ने दलित बस्ती में जमकर तांडव किया। पुलिस ने भोरिक की तहरीर पर गांव के जाबिर, कयूम, हैदर, आजाद, मुजफ्फर, महफूल, आफताब, सद्दाम, फिरोज, इम्तियाज, मंजूर और आबाद के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने और दलित उत्पीड़न का केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ने गांव का दौराकर दोनों समुदाय के लोगों से शांति बनाने की अपील की। थानाध्यक्ष प्रभातेष कुमार ने कहा कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।