देवरिया। कैश क्राइसिस से बैंक की शाखाओं को निजात नहीं मिल सकी है। अधिकांश बैंकों में कैश नहीं मिल रहे हैं। कुछ बैंक शाखाओं ने प्रभावशाली ग्राहकों का विड्रॉल जमा कर लिया है। ताकि कैश मिलने पर पहले रकम दी जा सके। उधर, एटीएम पर लंबी कतार देखने को मिली। मशक्कत के बाद लोगों को रुपये मिल सके।
मंगलवार को सुबह नौ बजे से ग्राहकों की जुटान बैंक शाखाओं पर होने लगी। बैंक खुलने के बाद नो कैश का बोर्ड टांग दिया गया। ग्राहक मायूस हो गए। बैतालपुर के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में दोपहर 12 बजे तक कैश नहीं आया था। इसको लेकर कर्मचारियों से तू-तू मैं-मैं हुई। समझाने के बाद मामला शांत हो गया। ग्राहकों का कहना था कि रकम नहीं मिलने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। जरूरी काम निपटाना मुश्किल हो गया है। कुछ देर के बाद कैश की आस में आए लोग लौट गए। देसही देवरिया इलाके के बैंक शाखाओं में कई बैंक शाखाओं में मनमाफिक रुपये वितरित नहीं हुए। इस पर ग्राहक और कर्मचारियों में नोक-झोंक हुई। उधर, भीखमपुर रोड स्थित एसबीआई में मंगलवार को कैश वितरित हुआ। मालवीय रोड स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, अमन गेट, राघवनगर इलाके के एटीएम पर दोपहर में कैश डाला गया। जानकारी मिलते ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। शाम को अधिकांश एटीएम का कैश खत्म हो गया।