देवरिया। शनिवार को सभी थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें महज औपचारिकता ही निभाई गई। राजस्व और पुलिस के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस कर्मियों की टीम गठित की। इस दौरान 29 मामलों का निस्तारण किया गया।
सलेमपुर थाने में केवल छह फरियादी ही आए। सभी को कार्रवाई का आश्वासन मिला। शिकायत लेकर आए सहिंयागढ़ के सरफराज पुत्र आशिक अंसारी ने बताया कि मेरा औरंगाबाद में मकान है, जिसमें दो दुकान किराए पर दिए थे। दुकान खाली कराने से नाराज किराएदार ने शटर तोड़वा दिया। अब मेरे ही मकान से मुझे बेदखल करने की बात की जा रही है।
इसी तरह मझौलीराज के सिराज अहमद, इटहुआ चंदौली के सुरेश, इसी गांव के रामनाथ, किशुन महुअवा के ओम प्रकाश, धनौती राय के विनीत ने भी जमीनी विवाद के संबंध में शिकायत की लेकिन सभी पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई। लोगों ने बताया कि हम लोग थाना से लेकर तहसील का चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई निस्तारण नहीं होता है।
सीओ मनोज कुमार ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें बनाई गई हैं। समाधान दिवस में एसडीएम दिशा श्रीवास्तव, सीओ मनोज कुमार, थानाध्यक्ष महेंद्र चतुर्वेदी सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। तरकुलवा थाना परिसर में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान राजस्व से संबंधित कुल 17 मामले आए, जिसमें से केवल एक मामले का निस्तारण किया गया। अन्य मामलों को हल्का राजस्व निरीक्षक और लेखपालों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि समाधान दिवस में थाना क्षेत्र के भिसवा, महुआपाटन, कोन्हवलिया बाबूराय, नारायणपुर, कनकपुरा, सोनहुल रामनगर आदि गांवों से कुल 17 मामले दर्ज किए गए, जो जमीनी विवाद और हिस्सा कस्सी से जुड़े थे।
रुद्रपुर क्षेत्र के रुद्रपुर, मदनपुर और एकौना थाने पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान तीनों थानों में कुल 25 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 11 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। रुद्रपुर कोतवाली में एसडीएम हरिशंकर लाल की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां 17 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई, जिनमें से सात का निस्तारण किया गया। मदनपुर में तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया जहां चार प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से केवल एक का निस्तारण हो सका। एकौना में नायब तहसीलदार अनिल तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में चार प्रार्थना पत्रों में तीन का निस्तारण किया गया। खुखुंदू थाने में कुल 10 मामले आए। जिसमें मौके पर एक का ही निस्तारण हो पाया।