देवरिया। कोऑपरेटिव चौराहे से अतिक्रमण खाली कराने के बाद अब प्रशासन की निगाह हनुमान मंदिर चौराहे पर है। गुरुवार को सदर एसडीएम के नेतृत्व में पहुंची टीम ने हनुमान मंदिर के आसपास सड़क की पटरियों पर लगने वाली दुकानों को हटवाया। अस्थायी अतिक्रमण खाली कराने के बाद एसडीएम ने स्थायी निर्माण करने वालों को 24 घंटे में कब्जा हटाने की हिदायत भी दी। अचानक हुई कार्रवाई से मंदिर चौराहे पर काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक हनुमान मंदिर चौराहा पर फुटपाथ पूरी तरह अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुका है। सड़क की पटरियों पर एक तरफ फूलमाला, फल सब्जी की दुकानें सजती हैं तो दूसरी तरफ दूध, खोआ, पनीर, फल आदि के विक्रेता अस्थायी ढंग से दुकानें सजाते हैं। कई जगहों पर इनकी दुकानें इतनी आगे तक हैं कि पटरियां पूरी तरह ढक जाती है। अतिक्रमण के कारण सड़क 10 फीट में सिमट कर रह गई है। नतीजा हर वक्त इस मार्ग पर लोग जाम की जद में जूझते रहते हैं। गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे सदर एसडीएम रामकेश यादव फोर्स के साथ हनुमान मंदिर पहुंचे। मंदिर के बाहर सड़क से सटाकर पटरियों पर लगाई गई दुकानों को तत्काल हटाने को कहा। उन्होंने पंचमुखी हनुमान मंदिर तक पैदल चलकर भी अतिक्रमण का जायजा लिया। वापस लौटने पर भी पटरियों की दुकानें नहीं हटाए जाने से नाराज एसडीएम ने खुद मोर्चा संभाला। पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर दुकानें हटाने लगे। सख्ती देखकर बाद में अन्य लोग स्वेच्छा से अपने कब्जे हटाने लगे। फूल, माला, फल, सब्जी आदि की दुकानें हटवाई गईं। इस दौरान स्थायी निर्माण कर चुके लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया। एसडीएम ने उन्हें हिदायत दी कि 24 घंटे में अपना अवैध कब्जा हटा लें, वरना जेसीबी से खाली हटवाया जाएगा। इसके खर्च की भी वसूली उन्हीं से की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई से पूरे दिन अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही। उधर, अतिक्रमण हटाए जाने के बाद पटरियां खाली होने से राहगीर सुकून महसूस करते रहे।
हनुमान मंदिर क्षेत्र में सड़क की पटरियों पर अवैध कब्जे को खाली कराया गया है। अधिकांश कब्जे हटा दिए गए हैं, जो बचे हैं उसे शुक्रवार को हटवा दिया जाएगा। - रामकेश यादव, सदर एसडीएम।