बघौचघाट। बिहार में शराबबंदी के बाद यूपी की सीमाओं पर अपराध बढ़े हैं। बिहार के अपराधी बॉर्डर पर सक्रिय हो गए हैं। कुछ दिन पहले बघौचघाट में डॉ. खालिद की हत्या और बघौचघाट पटहेरवा बॉर्डर पर पुलिस से मुठभेड़ इसका उदाहरण है। शुक्रवार रात को गश्त के दौरान बिहार के तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जब वह पकहां पुल पर चोरी की योजना बना रहे थे। उनके पास से पिस्टल बरामद हुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बघौचघाट थाना प्रभारी आरपी सिंह को मुखबिर ने सूचना दी कि पकहां में कुछ लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। वे किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अपने हमराहियों के साथ बिना कुछ सोचे चल पड़े और क्षेत्र की घेराबंदी कर ली। तभी पकहां पुल पर बाइक पर एक व्यक्ति बैठा था और उसके पास दो लोग खड़े थे। पुलिस को देख भागने का प्रयास किए, लेकिन पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में सुनील राय निवासी बेलहीडीह थाना कटया, सुमित शर्मा पकड़ीडीह थाना कटया और शाकिर आलम मिश्रौली थाना कटया जिला गोपालगंज हैं। उनके पास से एक पिस्टल, चार कारतूस और एक बिना नंबर की बाइक बरामद हुई। पुलिस ने चोरी की प्लानिंग और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर तीनों को पकड़ा गया।