सलेमपुर। लार में हुई फायरिंग मामले को जहां पुलिस दबाने में जुटी है, वहीं आरोपी हियुवा नेता घटना का पर्दाफाश कराने की जिद पर अड़ा है। शुक्रवार को एसपी को मांगपत्र देकर लार पुलिस पर सवाल खड़ा करते हुए दूसरे थाने की पुलिस से प्रकरण की जांच कराने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर सीएम से शिकायत करने की चेतावनी दी है।
लार के पूरब मोहल्ले में वर्ष 2016 में 19 सितंबर की रात को बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की। इसमें मुस्लिम समुदाय के तीन युवक गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस इस मामले में सिंटू की तहरीर पर हियुवा के जिला मंत्री अरुण समेत पांच नेताओं पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज की थी। इसको लेकर लार में दोनों समुदाय के लोगों में तनाव हो गया था। मामला बढ़ता देख पुलिस चुप हो गई। पुलिस इस घटना का पर्दाफाश करने के बजाए दबा रही है। पीड़ित सिंटू जहां न्याय की मांग कर रहा है। वहीं आरोपी हियुवा नेता घटना का पर्दाफाश करने की जिद पर हैं। इसके पूर्व भी एसपी से मिलकर घटना का पर्दाफाश करने की मांग की जा चुकी है। हियुवा नेताओं ने एसपी के करीबी लार इंस्पेक्टर की मिलीभगत पर आरोप लगाते हुए दूसरे थाने की मामले की जांच कराने की मांग की है। अगर 15 दिन में घटना का पर्दाफाश नहीं हुआ तो योगी से मुलाकात करेंगे।