रुद्रपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट से हटा अतिक्रमण 24 घंटे बाद फिर लग गया। जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण के दौरान गुरुवार को प्रशासन ने आनन-फानन में गेट से अतिक्रमण हटवाया था। शुक्रवार को अस्पताल के मुख्य गेट पर ठेले और टैंपो वाले फिर से अवैध कब्जा कर लिए। इससे अस्पताल में इलाज कराने को गए लोगों को परेशान होना पड़ा।
जिलाधिकारी सुजीत कुमार के निरीक्षण के दौरान सीएचसी में कई खामियां उजागर हुई। अस्पताल में जांच के दौरान डीएम ने मौके पर मौजूद एसडीएम, अधिशासी अधिकारी और पुलिस को गेट से अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया। पुलिस के सड़क पर डंडा पटकने के बाद तत्काल गेट पर अतिक्रमण जमाए लोग भाग लिए। डीएम ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को अतिक्रमण को लेकर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। दूसरे दिन सुबह गेट पर फिर जमावड़ा लगा गया। नगर के मुख्य बाजार में दुकानदार पटरी तक दुकान के सामानों को लगा देते हैं। इसके बाद सड़क तक ठेलेवालों का कब्जा हो जाता है। ऐसे में हर घंटे बाजार में जाम लग जाता है। अतिक्रमण को लेकर नगर पंचायत प्रशासन नोटिस की कार्रवाई तक सिमट जाता है। नगर में अतिक्रमण से लगने वाले जाम से हर रोज लोगों को जूझना पड़ रहा है। नगर के सभी प्रमुख चौराहों की पटरियों पर कब्जे से जाम लग जाता है। इस बाबत एसडीएम घनश्याम ने कहा कि ईओ को अतिक्रमण किए लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। जल्द ही अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।