सतर्क रहें, जागरूक बनें और कानून का पालन करें
जीआईसी में आयोजित पुलिस की पाठशाला में बोले पुलिस अधिकारी
‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से आयोजित हुआ कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सतर्क रहें, सचेत रहें और दूसरों को भी जागरूक करें। नियम-कानून का पालन करें। कहीं कोई समस्या नहीं आएगी। पुलिस जनता की मदद के लिए है। उनकी सुरक्षा के लिए हर वक्त तत्पर है, लेकिन इसके लिए लोगों को भी पुलिस का सहयोग करना होगा। राजकीय इंटर कॉलेज में मंगलवार को आयोजित पुलिस की पाठशाला का यही निचोड़ रहा। ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से आयोजित इस पाठशाला में बच्चों ने पुलिस अंकल के साथ खुलकर संवाद किया। पुलिसिंग के साथ ही कॅरियर से जुड़े सवाल पूछकर जिज्ञासाएं शांत कीं तो पाठशाला में मिले मंत्र को जीवन में अपनाने का भी संकल्प लिया।
बतौर मुख्य अतिथि सीओ सलेमपुर शितांशु यादव ने अधिकारों के साथ दायित्वों के निर्वहन का भी पाठ पढ़ाया। पूरी निष्ठा और लगन से पढ़ाई कर सफल होने की प्रेरणा दी। कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चे किसी मायने में कान्वेंट से कम नहीं, बस उन्हें अपनी क्षमता को पहचानने की जरूरत है। विशिष्ट अतिथि सीओ सिटी वरुण मिश्र ने सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी दी। कहा कि देश में हर साल होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में डेढ़ लाख से अधिक लोगों की मौत होती है। इसमें ज्यादातर 30 वर्ष से कम आयु के लोग ही होते हैं। हादसों से बचने के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन जरूरी है। कहा कि इन जानकारियों को अपने तक ही सीमित न रखें, बल्कि पास-पड़ोस के लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, डायल-100 के बारे में बताया। सभी विद्यार्थियों से अपना नंबर साझा करते हुए डर-झिझक छोड़कर पुलिस से खुलकर अपनी समस्या बताने का आह्वान किया। सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद ने कहा कि ऐसे काम करें कि पुलिस की जरूरत ही न पड़े। फिर भी पुलिस की मदद लेनी पड़े तो संकोच न करें। पुलिस आपकी ही मदद के लिए है। साइबर क्राइम सेल के प्रभारी आलोक सोनी ने साइबर क्राइम के बारे में विस्तार से बताया। इंटरनेट, मोबाइल के इस्तेमाल में सावधानी बरतने का आह्वान किया। घर-परिवार के लोगों को जागरूक बनाने पर जोर दिया। टीएसआई रामवृक्ष यादव ने कहा कि कानून के सम्मान से जीवन आसान हो जाएगा, हेलमेट जरूर पहनें। यह हादसे की स्थिति 95 प्रतिशत तक मौत की आशंका को कम कर देता है। उन्होंने बच्चों को अपने अंदर की विशेष क्षमता को पहचानने और उसे निखारने को कहा। उप प्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद ने पाठशाला में मिली जानकारियों को अपना कर जीवन में आगे बढ़ने की अपील की।
अधिकारियों ने दिए टिप्स।
0 छात्राएं और महिलाएं महिला हेल्प लाइन नंबर 1090 के बारे में जानें।
0 चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जानकारी रखें।
0 उसी एटीएम से रुपये निकालें, जहां सिक्योरिटी गार्ड हो।
0 एटीएम का गुप्त कोड और अन्य जानकारी किसी से भी साझा न करें।
0 डर और लालच ही जालसाजों का मुख्य हथियार है, इससे बचें।
0 ऑनलाइन खरीदारी के वक्त पूरी सावधानी बरतें।
0 फेसबुक और व्हाट्सएप पर लड़कियां अपना फोटो कदापि न लगाएं।
0 सोशल साइट्स के प्रयोग में सावधानी बरतें।
0 सड़क पर सावधानी से चलें, वाहन किनारे खड़ा करें।
0 हेलमेट लगाकर चलें, तीन सवारी न बैठाएं।
0 गलती न करें और न ही किसी को गलती करने दें।
0 मामलों को छिपाएं नहीं, पुलिस को जरूर सूचना दें।
दृष्टिकोण बदलें पुलिस हमारी मित्र है
जीआईसी के प्रधानाचार्य पीके शर्मा ने कहा कि पुलिस के प्रति अपने नजरिए को बदलना होगा। पुलिस हमारी मित्र है। यह हमारे सहयोग के लिए ही कार्य करती है। हमारी भी जिम्मेदारी बनती है कि सूचनाओं को उन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने छात्रों को अनुशासन में रहने और कड़ी मेहनत करने की अपील की। कहा कि इस कॉलेज के तमाम छात्र आज विभिन्न जगहों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। प्रदेश सरकार के एक कैबिनेट मंत्री भी इसी कॉलेज के छात्र रहे हैं। ऐसे लोगों से हमें सीख लेकर, अपने लक्ष्य को निर्धारित कर ऊंचाइयों तक पहुंचना होगा।