देवरिया। गोरखपुर के अधिकारियों ने शनिवार की दोपहर बाद जिला जेल में छापा मारा। इस दौरान एक मोबाइल, चार चार्जर और एक कैंची मिली। इस मामले में जेल अधीक्षक ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी है।
अपर आयुक्त गोरखपुर एके सिंह और गोरखपुर नार्थ एसपी रोहित सिंह शनिवार की दोपहर बाद अचानक जिला जेल पहुंचे। अधिकारियों के पहुंचने से यहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। अधिकारियों ने एक-एक बैरक की गहनता से जांच की। जांच में बैरक नंबर 10 के पीछे जमीन में गड़ा हुआ मोबाइल मिला। इसके साथ ही चार चार्जर और एक कैंची भी अधिकारियों के हाथ लगा। इसे कब्जे में ले लिया गया। जिला जेल में मोबाइल और प्रतिबंधित सामान मिलने पर दोनों अधिकारियों ने नाराजगी जाहिर की। जेलि अधीक्षक दिलीप कुमार पांडेय ने इस मामले में कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दे दिया है। उनका कहना है कि जिला जेल में एक मोबाइल, चार चार्जर और एक कैंची मिली है। कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की बात कही गई है।