राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में मदिरा की दुकान की लाटरी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का डीएम और एसपी ने जायजा लिया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। कड़ी सुरक्षा के बीच राजकीय इंटर कॉलेज में मदिरा की दुकानों की ऑनलाइन लाटरी आज होगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीएम सुजीत कुमार और एसपी राकेश शंकर ने सुरक्षा व्यवस्था का हाल जाना। मदिरा की दस ऐसी दुकानें है, जिस पर लोगों ने आवेदन नहीं किया है।
मदिरा की दुकानों की लाटरी जिला पंचायत सभागार में होनी थी। लेकिन सुरक्षा की दृष्टिकोण से जगह ठीक नहीं थी। इस लिए राजकीय इंटर कॉलेज के कैंपस में व्यवस्था की गई। आबकारी विभाग के अफसर लाटरी कराने की तैयारी में पूरे दिन जुटे रहे। जिले की कुल 335 शराब की दुकानों में 325 दुकानों के लिए 5000 से अधिक लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। कई लोगों का आवेदन त्रुटि की वजह से निरस्त भी हो गया है। सभी आवेदनों को दुकानवार ऑनलाइन लाटरी के लिए कंप्यूटर में फीडिंग किया गया है। एसपी राकेश शंकर ने कहा कि मदिरा की दुकानों की ऑनलाइन लाटरी की जाएगी। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। ताकि शांति व्यवस्था बरकरार रहे। लाटरी के दौरान उपद्रव या बेवजह कर्मचारियों पर दबाव डालने वालों पर केस दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी अश्वनी कुमार ने बताया कि 10 बजे से ऑनलाइन लाटरी शुरू होगी।