फोटो समाचार...
-----------
सलेमपुर-नवलपुर मार्ग आधे घंटे रहा जाम
- जाम में फंसा एंबुलेंस, परेशान हुए राहगीर
- सड़क किनारे गड्ढे में उतरे ट्रक को निकाल रहे थे क्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
सलेमपुर। सलेमपुर गांव के समीप गड्ढे में उतरे ट्रक को निकालने के दौरान नवलपुर-सलेमपुर सड़क पर आधे घंटे तक आवागमन ठप रहा। मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंस गई। जाम से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रात को झपकी आने से कस्बा सलेमपुर गांव के सामने ट्रक सड़क से गड्ढे में उतर गया। संयोग ठीक था कि कोई हादसा नहीं हुआ। सुबह करीब आठ बजे ट्रक को क्रेन से निकाला जा रहा था। इसके कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क पर मौजूद युवक किसी वाहनों को आने-जाने नहीं दे रहे थे। उसी समय लार से देवरिया जिला अस्पताल मरीज लेकर जा रहे 108 एंबुलेंस भी जाम में फंस गया। चालक लगातार हूटर बजा रहा था। इसके बावजूद लोगों ने रास्ता नहीं दिया। बाद में एंबुलेंस में बैठा ईएमटी ने इंमरजेंसी मरीज होने की बात कही तो लोगों ने जाने दिया। वहीं उरदौली गांव के समीप भी एक ट्रक सड़क के नीचे उतर गया था।
----
जलता हुआ सिलिंडर सड़क पर फेंका, मची अफरा-तफरी
भटनी। हतवा वार्ड निवासी यूनुस अंसारी का मकान बाईपास रोड पर है। रविवार को भोजन बनाने के दौरान अचानक सिलिंडर में आग लग गई। इससे घर में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जुट गई। जलता हुआ सिलिंडर यूनुस ने सड़क पर फेंक दिया। यह देख आस-पास के लोग बाइक व दुकान छोड़कर भाग खड़े हुए। आधे घंटे बाद लोगों ने सिलिंडर की आग को बुझाया।