बरियारपुर धुसवा देवरिया मार्ग पर आँधी से गिरा पेड़ आवागमन बंद।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। मंगलवार की सुबह आई आंधी-पानी ने गर्मी से तो थोड़ी राहत दी, लेकिन पेड़ गिरने से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गईं। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए तो कइयों के टीनशेड और तिरपाल उड़ गए।
सुबह करीब छह बजे आई आंधी का कहर बिहार बॉर्डर से सटे क्षेत्रों में अधिक रहा। धुसवा-देवरिया मार्ग के लंगड़ा चौराहे के पास आम का पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से दिनभर आवागमन बाधित रहा। हाटा तरकुलवा बिजली उपकेंद्र, करौदी बाजार के बीच 15 पोल धराशाई हो गए। गौरकोठी, गुद्दीजोर, रामपुर अवस्थी, चमनपुरा,उदयपुरा, मुजहना, लंगड़ा, नौतन, दलान, सरोरा, करौंदी बाजार आदि गांवों में लोगों को मंगलवार की देर शाम तक बिजली नहीं मिल पाई थी। तरकुलवा बिजली उपकेंद्र के जेई संदीप कुमार ने बताया कि आंधी से 15 पोल गिरे हैं, मरम्मत का कार्य चल रहा है जल्द ही उपभोक्ताओं को बिजली मिल जाएगी। वहीं गौरीबाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार आंधी के कारण गांवों में कई झोपड़ियां उजड़ गईं। सड़कों के किनारे रखी कई गुमटी भी पलट गई। तूफान से किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।