रुद्रपुर। राप्ती नदी के तट पर बसे सोनबह गांव के प्राइमरी पाठशाला में कार्यरत सहायक अध्यापक आशुतोषनाथ त्रिपाठी का शैक्षिक चैनल यू ट्यूब पर धूम मचा रहा है। दो माह में इस चैनल को एक हजार लोगों ने सब्सक्राइब किया और कई लोग देख चुके हैं।
प्रगतिशील शिक्षक आशुतोष ने चैनल पर शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित करीब 100 वीडियो अपलोड किया है। प्राथमिक स्तर पर शिक्षा देने के लिए वीडियो अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है। यह चैनल शिक्षकों में काफी लोकप्रिय हो रहा है। चैनल पर अपलोड वीडियो के माध्यम से कक्षा शिक्षण आसान हो रही है। रुचिकर विषय वस्तु बच्चों के अधिगम स्तर को बढ़ रहा है। इस चैनल पर अपलोड मनोरंजक कार्टून और शिक्षाप्रद कहानियों को बच्चे काफी पसंद कर रहे हैं। शैक्षिक वीडियो अध्यापकों के लिए उपयोगी सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कक्षा एक से पांच तक के सभी पाठ्यक्रम को ब्लॉग पर ऑनलाइन कर दिया है। प्राइमरी एजुकेशन ब्लॉग पर अपलोड़ पाठ्यक्रम के साथ संक्षिप्त पाठ योजना प्राथमिक स्कूलों में शिक्षा देने वाले शिक्षकों के लिए काफी उपयोगी है। यू ट्यूब चैनल बच्चों को खेल खेल में पढ़ाने और उनकी अभिरुचि बढ़ाने में कारगर है। आशुतोष बीसीए की डिग्री लेकर प्राथमिक शिक्षा में सेवा दे रहे हैं। वह इससे पहले दिल्ली के मल्टीनेशनल कंपनी में काम कर चुके है। उन्होंने कहा कि यह गैर व्यावसायिक कार्य शिक्षा जगत से जुड़े शिक्षकों की मदद के लिए कर रहे हैं, ताकि गरीबों के बच्चों को लाभ मिल सके।