कोर्ट के आदेश पर 10 पर मारपीट व बलवा का मुकदमा
सलेमपुर। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने बभनौली गांव निवासी दस लोगों पर मारपीट, बलवा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना 40 दिन पहले की है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के बभनौली पांडेय गांव के विजय विश्वकर्मा ने तहरीर में कहा है कि उनकी सलेमपुर के इचौना वार्ड की जमीन का विवाद न्यायालय में दाखिल है। पट्टीदार गोेलबंद होकर 31 मई को उनकी पान की दुकान पर लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर पहुंचे और मारे-पीटे। जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। डंडे से मारकर पैर तोड़ दिया तथा काउंटर से 15 हजार रुपये निकाल लिए। कोतवाली में तहरीर लेकर गए तो पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। इसके बाद न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने दस लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दस लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।