मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को उत्तराखंड से बहकर प्रदेश में आ रही लाशों को कब्जे में लेने पर की जा रही मनमानी के सवाल पर साफ शब्दों में कहा कि ऐसा उनकी जानकारी में नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि ऐसा है तो जांच कराकर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जो भी शव नदियों में बहकर आ रहे हैं, उनकी गिनती कराई जा रही है।
हेलीकाप्टर क्रैश में शहीद हुए जवानों के परिवार के संग सरकार के साथ होने की बात कही तो अमेठी जिले के अस्तित्व समेत अन्य सवालों पर यह कहते हुए कन्नी काट गए कि यह उचित समय नहीं है।
सोमवार को पूरे नंगू मजरे जगदीशपुर गांव में शहीद के परिजनों को सांत्वना देने के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मीडिया से मुखातिब हुए।
उत्तराखंड में आई तबाही में बचाव कार्य के लिए सरकार क्या कर रही है, इस सवाल पर सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार को उत्तराखंड में आपदा पर दुख है। राहत कार्य के लिए उत्तराखंड सरकार को मदद भेजी जा रही है।