चित्रकूट। मानिकपुर तहसील के सात गांवों में मोबाइल टावर लगाने की बीएसएनएल की योजना अधूरी रह गई है। छह गांवों में शून्य जनसंख्या होने के कारण टावर स्थापित नहीं हो सके। केवल एक गांव गोडरहाई में ही मोबाइल टावर लग पाया है।
प्रशासन आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों से पहले इन गांवों को डार्क जोन से बाहर रखने की जुगत में है। बीएसएनएल के एसडीओ विवेक अग्रवाल ने बताया कि आबादी न होने के कारण टावर लगाने की योजना आगे नहीं बढ़ पाई। इससे इन क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी का अभाव बना हुआ है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने हाल ही में संचार व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित एसडीएम को डार्क जोन के संबंध में स्पष्ट रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
डार्क जोन पर प्रशासन की तैयारी
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों में जनपद को डार्क जोन की श्रेणी से बाहर रखना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी डार्क जोन हैं, उनकी पहचान कर अगली बैठक में अवगत कराया जाए। आगामी 15 दिनों में इस मसले पर दोबारा बैठक कर मंथन किया जाएगा। प्रशासन गांव की कनेक्टिविटी दुरुस्त करने में जुटा है।