शिवरामपुर(चित्रकूट)। मजदूरी करने के लिए जीप से मुख्यालय आते समय राष्ट्रीय राजमार्ग के शिवरामपुर बस स्टैंड के पास अचानक जीप मुड़ी तो किनारे की ओर बैठा मजदूर सड़क पर जा गिरा। लहूलुहान अवस्था में उसे सीएचसी लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही मजदूर के परिजनों में कोहराम मच गया। सैकड़ों लोग अस्पताल पहुंचे। स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर आक्रोश जताया कि दुर्घटना के बाद जीप चालक लेकर भाग निकला और पुलिस ने पकड़ने का प्रयास नहीं किया। क्षमता से अधिक सवारियों को भरने से यह हादसा हुआ है।
भरतकूप थाना अंतर्गत अमिलिहा गांव निवासी पवन कुमार (28)पुत्र लोटन जिला मुख्यालय में मजदूरी करने प्रतिदिन आता था। बृहस्पतिवार को भी वह अपने गांव के बाहर से मिली जीप पर बैठकर मुख्यालय आ रहा था। शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के शिवरामपुर बस स्टैंड के पास हाईवे पर अचानक चलती जीप से पवन कुमार सड़क में गिर गया। जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की शादी नहीं हुई थी। वह दो भाई, एक बहन में बड़ा था। घटना के बाद मां मीरा का रो-रोकर बुरा हाल है।