चित्रकूट। कई दिनों बाद सोमवार की सुबह सहकारी समितियों में डीएपी पहुंची तो किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। गृहस्थी का कार्य छोड़कर महिला किसान भी सुबह से लाइन में लग गईं। हालांकि खाद न मिलने पर कई महिला किसानों को निराश होकर लौटना पड़ा। दावा है कि 39 समितियों मेंं से 18 में सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण किया गया।
शहर के गल्लामंडी स्थित इफ्को केंद्र में खाद का वितरण किया जा रहा था। यहां महिला व पुरुष किसान लाइन में लगे रहे। कई महिलाएं गेट के बाहर बैठी रहीं। पुलिस कर्मी लाइन लगवाने में मशक्कत करते रहे। भभौर गांव की रामरती, ललिता ने बताया कि सुबह से खाद लेने के लिए आए हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रही है।
सहकारी समिति कर्वी में भी यही हाल रहा। यहां किसानों को टोकन देकर खाद दी गई। इसके बाद भी किसान खाद लेने के लिए लंबी लाइन लगा रहे। खोही के लल्लू पटेल ने बताया कि खोही केंद्र में खाद का वितरण नहीं किया गया।