पहाड़ी (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव के पास चेकडैम में करीब 35 वर्षीय महिला का शव मिला। शव साड़ी में पत्थर बांधकर फेंका गया है। शव की शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कर्वी-पहाड़ी रोड से लगभग 500 मीटर दूर बाबूपुर गांव के पास चेकडैम में महिला का शव बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे मिला। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाबूपुर गांव के प्रधान प्रतिनिधि देव कुमार ने पहाड़ी थाना पुलिस को सूचना को दी। मौके पर सीओ निष्ठा उपाध्याय, थानाध्यक्ष पहाड़ी सहित फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर शव को चेकडैम से निकाला।
थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला का शव साड़ी में पत्थर बांधकर डाला गया है। महिला के शव की पहचान आसपास गांव के ग्रामीणों से कराई गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। थाना प्रभारी श्याम प्रताप पटेल ने बताया कि मामला दर्ज कर शव की शिनाख्त कराई जा रही है।