मानिकपुर(चित्रकूट)। मऊ गुरदरी गांव की आशा देवी की कस्बे में झोलाछाप से इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर दी है। उधर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे में झोलाछाप के क्लीनिक में छापा डाला लेकिन वहां ताला बंद मिला। इस पर वहां नोटिस चस्पा कर सील कर दिया गया है। सारे कागजात समेत सीएमओ कार्यालय में प्रस्तुत होने के लिए कहा गया है।
मऊ गुुरदरी के सुशील कुमार ने बताया कि सोमवार को उसकी पत्नी आशा देवी की तबीयत खराब होने पर मानिकपुर के रिजा क्लीनिक ले कर गये थे। इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। सीएमओ को मामले की जानकारी दी गई। मंगलवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। अपर सीएमओ डा.जीआर रतमेले व फार्मासिस्ट पंकज गोयल ने क्लीनिक में पहुंचकर जानकारी लेनी चाही लेकिन वहां ताला बंद मिला। इस पर वहां नोटिस चस्पा की गई है। थानाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस की कापी दी है। जिसमें क्लीनिक खुलने पर सूचना देने के लिए कहा गया है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।