दृष्टि संस्था की ओर से लुई ब्रेल की जयंती पर आयोजित दो दिवसीय समारोह में नि:शक्त बच्चों ने प्रतिभा दिखाई। बच्चों ने लक्ष्य है ऊंचा हमारा, हम विजय के गीत गाएं, चीर कर कठिनाइयों को दीप बनकर हम जगमगाएं गीत गाकर सकारात्मक सोच का संदेश भी दिया।
शनिवार को मुख्य अतिथि सदर विधायक वीर सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ब्रेल रीडिंग, राईटिंग, एकल और सामूहिक संगीत, फैंसी ड्रेस, सामान्य ज्ञान आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इन प्रतियोगिताओं में एनआईवीएच देहरादून, नेत्रहीन कन्या विद्यालय जबलपुर, श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय बनारस, राज अंध विद्यालय इलाहाबाद, श्री तुलसी प्रज्ञा चक्षु एवं मूक बधिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चित्रकूट, स्पर्श राजकीय बालिका इंटर कालेज महोखर बांदा के साथ दृष्टि नेत्रहीन बालिका विद्यालय कर्वी की टीमों ने भाग लिया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में एसपी स्वामी प्रसाद ने निर्णायक की भूमिका निभाई। रविवार को एसपी ने प्रभातफेरी को हरी झंडी दिखाई। संस्था के संरक्षक केजी गुप्त और अधिवक्ता भालेंदु सिंह ने बताया कि सभी प्रतिभागियों के खाने और रहने की व्यवस्था की गई थी।
कार्यशाला में संस्था का शोधपत्र भी प्रस्तुत किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि डीएम नीलम अहलावत ने बच्चों के सुखद भविष्य की कामना की। मौके पर विभा झा, गोस्वामी तुलसीदास महाविद्यालय के प्राचार्य केबी पांडे, दिनकर, ओपी भाकर, पंकज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
संस्था के शंकर लाल गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। देहरादून के डा. आरएस चौहान और दिल्ली की प्रवक्ता अमिता को दृष्टिबाधितों के रोल माडल के रूप में सम्मानित किया गया। सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने भी बच्चों को आशीर्वाद दिया।
रवीना और ख्याति ने जीती चैंपियनशिप
प्रतियोगिता में इस साल दृष्टि बालिका विद्यालय की टीम को सामूहिक चैंपियनशिप तथा देहरादून की रवीना शर्मा और दृष्टि की ख्याति सोनी को संयुक्त रूप से व्यक्तिगत चैंपियनशिप मिली। लखनऊ के अवधेश कुमार पांडे और कानपुर के विजय कुमार राठौर को संस्था की मानद सदस्यता दी गई।