चित्रकूट। भरतकूप थाना क्षेत्र के भसौंधा गांव में शनिवार की देर रात तेज हवा से कच्चे घर की दीवार ढह गई। दीवार के मलबे में दबकर गृहस्वामी की मौत हो गई। पास में सो रही पत्नी व दो बेटियां बाल-बाल बच गईं।
भसौंधा गांव निवासी किसान जीवनलाल सोनी (42) शनिवार की रात को पूरे परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। देर रात को तेज हवा चली। इसी बीच उनके घर की एक दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दीवार के पास ही सो रहे जीवनलाल मलबे में दब गए। उनसे कुछ दूरी पर सो रही पत्नी अंजू देवी, पुत्री राधा व प्रभा बाल-बाल बच गईं। दीवार ढहने पत्नी और बच्चियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा कर लिया। किसी तरह मलबा हटाकर जीवनलाल को रात में ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान रविवार की सुबह मौत हो गई। उनके भाई जगतपाल ने बताया कि मलबे में दबने के दौरान जीवनलाल के सिर पर गंभीर चोट आई थी। वे किसानी करते थे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।