मानिकपुर(चित्रकूट)। पाठा क्षेत्र में अब शिकारियों ने पानी में जहर मिलाकर मवेशियों का शिकार करना शुरू कर दिया। रविवार को नौ गोवंश व एक नीलगाय के मरने की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। आनन फानन में जिले के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया। वहीं एक मवेशी मालिक ने अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। उधर, पशु विभाग के चिकित्सक कुलदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। विसरा सुरक्षित किया गया है।
थाना क्षेत्र के मऊगुरदरी गांव में रविवार की शाम को 14 गोवंश व एक नीलगाय के बीमार होने की सूचना पर एसडीएम संगमलाल, थाना प्रभारी सुभाष चौरसिया व पशुचिकित्साधिकारी केपी यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर 9 गोवंश व एक नीलगाय के मरने की पुष्टि हुई। गांव निवासी लाला भइया पुत्र रामसजीवन व अन्य ने बताया कि शिकारियों ने गांव के बाहर एक छोटे गड्ढे में भरे पानी में जहर मिला दिया। जिसेे पीने से मवेशियों की मौत हुई है। ऐसे शिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
एसडीएम संगम लाल ने बताया कि ग्रामीण की तहरीर पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। आरोपी शिकारियों की तलाश की जा रही है। पानी में यूरिया या केमिकल मिलाने की जानकारी मिली है। इसका नमूना भी लिया जाएगा, जिसकी जांच कराई जाएगी। शिकारियों पर कार्रवाई होगी। वन विभाग के डीएफओ कैलाश प्रकाश ने बताया कि वन्यजीव की हत्या की रिपोर्ट भी दर्ज की जाएगी।