फोटो 28 सीकेटीपी 05 चरण पादुका का पूजन करते केंद्रीय मंत्री व मौजूद अन्य। संवाद
चित्रकूट। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट का दौरा किया। उन्होंने पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य अधोक्षजानंद देवतीर्थ से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।
सोनोवाल ने शंकराचार्य की चरण पादुकाओं का पूजन भी किया। उन्होंने शंकराचार्य द्वारा स्थापित किए जा रहे संस्कृत गुरुकुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया। मंत्री ने शंकराचार्य की कुटिया में आश्रम के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। बाद में केंद्रीय मंत्री का काफिला मड़फा महादेव पहुंचा।
यहां उन्होंने विद्वान पुरोहितों के साथ भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया। मड़फा महादेव की आराधना के बाद, सोनोवाल कोलौंहा गांव गए। उन्होंने वहां भी संस्कृत गुरुकुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया। शंकराचार्य अधोक्षजानंद देवतीर्थ ने यज्ञ और विशेष अनुष्ठान के साथ गुरुकुल की नींव रखी है।
चित्रकूट बनेगा आध्यात्मिक केंद्र
केंद्रीय मंत्री सोनोवाल भगवान शिव के इस धाम से प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि चित्रकूट अब आध्यात्मिक केंद्र के साथ-साथ विकास के नए अध्याय की ओर बढ़ रहा है। शंकराचार्य अधोक्षजानंद देवतीर्थ की यह पहल शिक्षा के प्रसार के लिए है। इसका उद्देश्य चित्रकूट की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करना है। उत्तर प्रदेश सरकार के विकास कार्यों से प्रेरित होकर संत समाज भी इस क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
फोटो 28 सीकेटीपी 05 चरण पादुका का पूजन करते केंद्रीय मंत्री व मौजूद अन्य। संवाद