फोटो 28 सीकेटीपी-21-आग से जलने के बाद कच्चा मकान। संवाद
मऊ (चित्रकूट)। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत गंजरी गढ़वा में सोमवार रात करीब आठ बजे भीषण आग लगने से एक महिला की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कच्चा मकान और उसमें रखा सारा सामान कुछ ही देर में जल गया। पीड़िता निर्मला देवी ने समय रहते घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
बताया जा रहा है कि आग घर के पास लगे कूड़े के ढेर से भड़की और देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की घटना में घर में रखे कपड़े, जेवर और जरूरी घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके का निरीक्षण कर पीड़िता को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग में तीन घर राख
मऊ (चित्रकूट)। ग्राम पंचायत बरिया में सोमवार शाम शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने तीन परिवारों को बेघर कर दिया। आग की चपेट में आकर तीनों घर जलकर राख हो गए, जबकि एक बछिया की झुलसकर मौत हो गई। पीड़ितों में बुद्धराज पुत्र चुनकू, रामराज्य पुत्र चुनकू और चुन्नी देवी पत्नी बच्चा शामिल हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि घरों में रखे रुपये, गहने, कपड़े, अनाज समेत सारा सामान जलकर राख हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।