चित्रकूट/पहाड़ी। शिवरामपुर से सरधुआ जा रहे संगीत पार्टी के सदस्यों से भरी टेपों पहाड़ी थाना क्षेत्र के पटियाकहेटा गांव के पास बेकाबू होकर पलट गई। इसमें दस सदस्य घायल हो गए जबकि एक की अस्पताल पहुंचने के पहले मौत हो गई। पुलिस ने घायलोें को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
शिवरामपुर की जयमां शारदा संगीत पार्टी सरधुआ राजापुर में एक कार्यक्रम में गीत संगीत प्रस्तुत करने जा रही थी। टीम के सदस्य कौशल किशोर कुशवाहा पुत्र इंद्रप्रकाश ने बताया कि देरी होने के कारण एक टेपों बुक कर सभी उसमें जा रहे थे। टेपों चालक भी बेहद तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। जैसे ही पटिया कहेटा गांव के पास मोड पर पहुुंचा तो बेकाबू टेपों पलट गई। थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। इसमें पडरी निवासी फूलचंद्र यादव पुत्र शिवप्रसाद की मौत हो गई है। इसके अलावा बगलई निवासी कौशल किशोर, निगवा निवासी बाबूलाल पुत्र सजउआ, तरांव निवासी प्रेमलाल पुत्र सुखलाल, बगलई निवासी छंगू वर्मा पुत्र शंकर लाल व बदौसा निवासी शिवपूजन पुत्र रामआसरे गंभीर रूप से घायल हैं। अन्य चार भी मामूली रूप से घायल हैं। मृतक फूलचंद्र के दो पुत्र एक पुत्री व पत्नी रामसखी का रो रोकर बुरा हाल है।