चित्रकूट। बारिश व बाढ़ के बीच जिले के चार निर्माणाधीन पुलों के एप्रोच मार्ग धंसने व टूटने के मामले की जांच जारी है। मानिकपुर कल्याणपुर रानीपुर मार्ग के पुल का एप्रोच मार्ग पूरी तरह अलग हो जाने पर सेतु निगम के ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। देर रात ठेकेदार पर एक और रिपोर्ट दर्ज की गई।
सेतु निगम राज्य इकाई बांदा के सहायक अभियंता आनंद कुमार पंकज व अवर अभियंता विनीत कुमार की तहरीर पर मानिकपुर थाने में पुल बनाने वाले ठेकेदार रामबाबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के अनुसार अधूरे पुल को आवागमन के लिए खोलने व किसी भी अप्रिय घटना के होने की संभावना के आरोप लगे हैं। इनके खिलाफ धारा 125 व 351(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि डीएम शिवशरणप्पा ने कई पुल के एप्रोच मार्ग धंसने की खबर पर मौके का निरीक्षण किया था। उन्होंने सेतु निगम के जिम्मेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा था। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि डीएम ने सेतु निगम के भी जिम्मेदारों पर कार्रवाई के लिए कहा लेकिन इंजीनियरों ने खुद को बचाकर ठेकेदार पर पूरा दोष मढा है। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक सीपी दिवाकर ने बताया कि जो भी एप्रोच मार्ग धंसने से बहे या टूटे हैं उनका निर्माण कराया जा रहा है।
देर रात भौंरी-बघवारा मार्ग पर बने पुल के एप्रोच मार्ग धंसने के मामले में सेतु निगम के अभियंता ओमप्रकाश की तहरीर पर ठेकेदार रामबाबू के खिलाफ एक और रिपोर्ट दर्ज की गई।