मlनिकपुर/खोही। जिले से सटे चित्रकूट-झरी झगढ़हा मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। रात होने की वजह से दोनों लहूलुहान अवस्था में वहीं पड़े रहे। राहगीरों की सूचना पर चित्रकूट व मझगवां थाने की पुलिस टीम पहुंची और दोनों को अस्पताल लेकर गई। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चित्रकूट मप्र के बरौंधा थाना अंतर्गत सेमरहा निवासी सुग्रीव मवासी (19) बाइक से गांव के दोस्त देवीदीन उर्फ बेटू (19) के साथ गुरुवार की शाम को मझगवां गया था। रात में चित्रकूट की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। झरी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
सीओ राेहित राठौर ने बताया कि राहगीरों से इसकी जानकारी मिली। पुलिस ने आसपास के गांवों के निवासियों से पहचान कराई। जानकारी होने पर शुक्रवार की सुबह परिजनों को बुलाकर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। ट्रक की तलाश की जा रही है। अवधेश मवासी ने बताया कि बेटा सुग्रीव और देवीदीन आपस में रिश्तेदार भी थे, लेकिन दोनों दोस्त की तरह रहते थे। गुरुवार को सुग्रीव मझगवां जा रहा था तो देवीदीन ने जिद कर साथ में चलने की बात कही थी।