चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के बूढ़ा सेमरवार के पास गुरुवार की रात को दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत हाे गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए। एक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहाड़ी थाना क्षेत्र के नांदी निवासी पंकज वर्मा (22) ने बताया कि वह चचेरे भाई अंकित वर्मा (22) के साथ रैपुरा निवासी दोस्त से मिलने गए थे। रात करीब साढे़ नौ बजे लौटते समय बूढ़ा सेमरवार और आनंदपुर के बीच में सामने से आई बाइक से टक्कर हो गई। इससे दोनों बाइकों पर सवार चार युवक घायल हो गए।
दूसरी बाइक पर सवार दो लोगों को काम चोटें आई। इस कारण मौका पाकर भाग गए। पुलिस दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। अंकित को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया कि अंकित राजस्थान के एक ईंट भट्ठा पर मुनीम था। करीब 15 दिन पहले ही आया था। उसके पांच भाई नेमचंद्र, प्रेमचंद्र, गोविंद, बुद्धराज, अंतिम, एक बहन गीता और मां चुन्नी देवी हैं।
कोतवाल उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लेकर जिला अस्पताल गई थी। वहां एक की मौत हो गई थी। दूसरे वाहन सवार का पता लगाया जा रहा है। दोनों बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने थे।