पहाड़ी (चित्रकूट)। पुलिस ने बाबूपुर मोड़ से चोरी के ट्रक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने 10 लाख रुपये में चार लोगों को ट्रक बेचा था। पुलिस गैंग के दो अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
पहाड़ी थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि फरवरी में बाबूपुर मोड़ से एक ट्रक चोरी हो गया था। प्रतापगढ़ के रघुवर थाना क्षेत्र के संग्रामगढ़ निवासी सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने पहाड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में कहा था कि 14 टायर ट्रक बाबूपुर मोड़ से चोरी कर लिया गया है। विवेचना में पांच आरोपियों का नाम प्रकाश में आया, जिसमें चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
पुलिस के अनुसार चोरी किए गए ट्रक को छोटा उर्फ इम्तियाज निवासी रपटीमा चौराहा थाना सितारगंज जनपद ऊधमसिंह उत्तराखंड व समसुल अंसारी, नदीम अंसारी निवासी सिधौंती थाना बहेड़ी जनपद बरेली, इश्तियाक खां निवासी परेवावैश्य थाना जहानाबाद जनपद पीलीभीत को संयुक्त रूप से 10 लाख रुपये में बेच था। आरोपियों ने परवेज खां निवासी इंद्रानगर पश्चिमी वार्ड नं 14 थाना हल्द्वानी जनपद नैनीताल उत्तराखंड के सहयोग से ट्रक का मॉडल व रंग बदलकर, इंजन नंबर मिटा दिया गया, चेसिस नंबर बदलकर अरुणाचल प्रदेश में दोबारा ट्रक का रजिस्ट्रेशन कराकर फर्जी एनओसी बनाकर उत्तराखंड में पंजीकृत करा दिया था।