चित्रकूट। जिले में अब तक सभी सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बृहस्पतिवार को जिले भर के कई स्थानों से लिए गए 20 सैंपल एक साथ लखनऊ भेेजे गए हैं। बुधवार को एक नये रोगी की प्राथमिक जांच में संदेह होने पर लखनऊ में कोरोना की जांच के लिए भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। जिले के दो स्थानों पर लॉकडाउन के उल्लघंन पर 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मंडलायुक्त और डीआईजी ने कई स्थानों का निरीक्षण किया। अस्थाई होम क्वारंटीन में ठहरे लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण व भोजन के इंतजाम का निरीक्षण कर अधिकारियों ने कम्युनिटी किचन में बने भोजन की गुणवत्ता को भी परखा। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका द्वारा शुरू किए गए कोरोना संक्रमणरोधी सुरंग का शुभारंभ किया। सुबह सब्जी व दूध खरीदने पहुंचे लोगों ने कई स्थानों पर सोशल डिस्टेंस का जमकर उल्लंघन किया।
चित्रकूटधाम मंडल के मंडलायुक्त गौरव दयाल तथा डीआईजी दीपक कुमार ने क्वारंटीन सेंटर राजकीय औद्योगिक संस्थान शिवरामपुर, सीपी सिंह आवासीय विद्यालय बेड़ी पुलिया, सामुदायिक किचन रैनबसेरा सीतापुर, टाउन हॉल, कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जो सर्दी, जुकाम, खासी के मरीज प्रतिदिन आते हैं उनका सैंपल जांच के लिए अवश्य भेजा जाए। दवाओं की उपलब्धता सभी चिकित्सालय पर बनी रहे। कहीं पर कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। सभी लोग मास्क अवश्य लगाएं। सामुदायिक किचन रैन बसेरा सीतापुर व टाउन हॉल का निरीक्षण कर खाने की गुणवत्ता भी परखी।
नगर पालिका परिषद कर्वी के पास पालिका द्वारा बनाए गए कोरोना संक्रमणरोधी सुरंग की शुरुआत की। इस सुरंग से गुजरने वालों को सैनिटाइज किया जाएगा। कई पुलिसकर्मियों को इस स्थल से गुजरते हुए सैनिटाइज करते देखा गया। आसपास मौजूद निराश्रित तथा असहाय लोगों को अधिकारियों ने भोजन बांटे। कलक्ट्रेट में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर शिकायत रजिस्टर देखकर कहा कि समय से समस्या का निस्तारण अवश्य कराएं। डीएम शेषमणि पांडेय, एसपी अंकित मित्तल, सीडीओ डॉ महेंद्र कुमार, एडीएम जीपी सिंह, सदर एसडीएम अश्वनी कुमार पांडेय, एएसपी बलवंत चौधरी, सीओ सिटी रजनीश यादव, ईओ नगर पालिका नरेंद्र मोहन मिश्र, सीएमओ डॉ विनोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
आठ के खिलाफ मामला दर्ज
चित्रकूट। लाकडाउन का उल्लंघन करने पर रैपुरा में पांच व सीतापुर में तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया गया है। जिले में अबतक जिले में 94 वाहन व 80 से अधिक लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लघंन की कार्यवाही हो चुकी है।
सात पर लॉकडाउन उल्लघंन मे रिपोर्ट
राजापुर। लॉकडाउन का उल्लघंन करने पर राजापुर में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।इसके अलावा रैपुरा थाने में तीन अन्य के खिलाफ भी लॉकडाउन उल्लघंन करने का मामला दर्ज किया गया है। संवाद