चित्रकूट। शहर के ओवर ब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। मुख्यालय के शंकर बाजार अहिरनपुरवा निवासी केशवदेवी (65) पत्नी भैरो प्रसाद सोमवार दोपहर को नातिन व पड़ोस की कुछ महिलाओं के साथ एक प्रदर्शनी देखने जा रहीं थीं।
वह ओवरब्रिज के रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचीं, तभी मालगाड़ी आती देख उनका संतुलन बिगड़ गया और पटरी के पास गिरने से वह मालगाड़ी की चपेट में आ गईं। इससे उनकी मौत हो गई। जीआरपी टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
परिजनों ने बताया कि महिला का एक पुत्र वीरेंद्र कुमार है, जो एेंचवारा स्थित स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट है। पति भूमि संरक्षण विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।