चित्रकूट। बरौनी से चलकर अहमदाबाद स्पेशल एक्सप्रेस गुरुवार को जैसे ही चित्रकूटधाम पहुंची तो सांसद आरके पटेल ने स्थानीय भाजपा व व्यापारी नेताओं के साथ रेलवे कर्मचारियों का अभिनंदन किया। साथ ही बधाई देते हुए बोले अब बुंदेलखंड सीधे गुजरात से जुडे़गा। इस ट्रेन के चलने से व्यापारियों और मजदूरों को काफी फायदा होगा। बताते चलें कि 1 मार्च से बरौनी से अहमदबाद व अहमदाबाद से बरौनी के लिए ट्रेन चलाई गई है। जो बुंदेलखंड क्षेत्र के मानिकपुर, चित्रकूटधाम कर्वी, बांदा, महोबा, ललितपुर रेलवे स्टेशन में रुकेगी।
सांसद ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र से बड़ी संख्या में रोजगार के लिए युवक गुजरात जाते हैं। व्यापारी भी इस रूट पर खूब आते जाते हैं। इस ट्रेन के चलने से इन सभी को बहुत फायदा होगा। उत्तर मध्य रेलवे के सीनियर डिविजन वाणिज्य मैनेजर नवीन दीक्षित ने बताया कि चित्रकूटधाम रेलवे स्टेशन के विकास के लिए कई कार्य होने है। इसमें प्लेटफार्म नंबर 3 की तरफ भी टिकट काउंटर खोला जाएगा। फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ सुंदरीकरण का कार्य भी किया जाएगा। इस मौके पर व्यापारियों ने चित्रकूट कानपुर सिटी को लखनऊ तक चलाने सहित हावड़ा एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, प्रदेश मंत्री अशोक जाटव, भाजपा नेता शक्ति प्रताप सिंह, रंजना उपाध्याय, उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ओम केशरवानी, जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, व्यापार मंडल के राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
----
नाराज होकर लौटे नगर अध्यक्ष
चित्रकूट। बृहस्पतिवार की सुबह जब रेलवे स्टेशन पर बरौनी एक्सप्रेस पहुंची तो ट्रेन के इंजन में माला पहनाने और रेल अधिकारियों को सम्मानित करने के दौरान अचानक भाजपा के नगर अध्यक्ष श्याम गुप्ता किसी बात को लेकर नाराज हो गए। आक्रोशित भाषा में मौजूद लोगों से कुछ कहते हुए प्लेटफार्म से बाहर चले गए। कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं रूके। इसके अलावा स्वागत कार्यक्रम के दौरान उत्साहित कुछ युवक ट्रेन के इंजन में चढ़ गए। यह देखकर सांसद व आरपीएफ जीआरपी कर्मियों ने युवकों को समझाकर नीचे उतारा। इस दौरान फोटो खिंचवाने की होड मची रही। संवाद