चित्रकूट। एक तरफ अमेरिका के टैरिफ को लेकर उद्यमियों में ऊहापोह है। वहीं, जीएसटी के स्लैब में बदलाव होने की संभावना से खुश भी हैं। इससे व्यापारियों को काफी राहत मिल सकती है। वर्तमान में चल रहे टैक्स के चार स्लैब 5,12,18 व 28 प्रतिशत हैं। जिसमें सुधार की बात की जार ही है उससे यह दो स्लैब 5 व 18 प्रतिशत रहेगा। इससे आमजन को महंगाई से काफी राहत मिलेगी।वहीं, व्यापारियों का टैक्स पेड के लिए भागदौड़ व माथापच्ची से काफी राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को जीएसटी की चार की जगह दो स्लैब रखने की घोषणा की है। हालांकि अभी यह लागू नहीं हुआ है। जानकार इसे सितंबर माह से शुरू होने की बात कर रहे हैं। व्यापारी व टैक्स के जानकारों का मानना है कि इससे दैनिक उपभोग की सामग्री सस्ती होगी। कई खाद्य की सामग्री 12 व 18 प्रतिशत जीएसटी स्लैब में शामिल हैं।
इनमें 12 से घटकर होगा पांच प्रतिशत टैक्स
कर अधिवक्ता पियूष गोयल के अनुसार खाद्य सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुएं, कुछ दवाएं, पेपर, कुछ मोबाइल, कंप्यूटर, एक हजार से ज्यादा कीमत वाले कपड़े और 500 से एक हजार तक के जूतों के टैक्स में राहत होगी।
इनमें 28 से 18 प्रतिशत होगा टैक्स
सीमेंट, कार, काॅस्टमेटिक, चॉकलेट, टीवी फ्रिज, वाशिंग मशीन, एसी, रबड़ टायर, प्रिंटर व प्लास्टिक प्रोडक्ट।
व्यापारी व आमजन को मिलेगी राहत
चित्रकूट। जीएसटी के दो टैक्स स्लैब कम होने से बाजार में कच्चा माल सस्ता मिलेगा। इससे उत्पादन बढ़ने में मदद मिलेगी। बाजार में सामान भी सस्ता होगा। इसका असर बाजार में व्यापारियों के साथ आम जन में भी होगा। टैक्स जमा करने की विधि भी आसान होगी।
-राजीव अग्रवाल, जिलाध्यक्ष उप्र उद्योग व्यापार मंडल चित्रकूट
जल्द लागू हो नई व्यवस्था
चित्रकूट। जीएसटी की दरें कम होने व दो स्लैब होने पर महंगाई तो कम होगी साथ ही व्यापारियों के व्यापार में भी राहत मिलेगी। खाने पीने की सामग्री सस्ती हुई तो इसका प्रभाव आम जन पर ज्यादा पड़ता है। इसे जल्द लागू करना चाहिए।
प्रदीप गोलू गुप्ता, व्यापारी कर्वी चित्रकूट