चित्रकूट। भांग की दुकान के आड़ में अवैध रूप से गांजा बेचने में 24 किलो गांजे के साथ पकड़े गए तीन लोगों को त्वरित न्यायालय ने सजा सुनाई है। तीनों को 10-10 वर्ष कठोर कारावास के साथ ही एक-एक लाख रुपये के अर्थदंड की सजा हुई है।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी सनद कुमार मिश्रा ने बताया कि लखनऊ की एनसीबी टीम को कर्वी में अरुण कुमार गुप्ता की भांग की गोदाम में गैर कानूनी तरीके से गांजे का रोबार होने की सूचना मिली थी। लखनऊ से आए एनसीबी के सूचना अधिकारी अनूप कुमार गुप्ता ने 26 मई 2013 को टीम और स्थानीय पुलिस टीम के साथ कर्वी के बलदाऊ गंज प्यारे लाल काॅलोनी स्थित अरुण कुमार गुप्ता के भांग की गोदाम पर छापा मारा था। गोदाम के मुंशी बद्री प्रसाद शिवहरे, कर्वी के शंकर बाजार निवासी शिव कुमार सविता और बांदा के बदौसा निवासी शिवराम शिवहरे को टीम ने गिरफ्तार किया था। इनके पास से गोदाम में रखा 24 किलो गांजा भी बरामद हुआ था।
टीम ने इस मामले में कर्वी कोतवाली में अभियोग पंजीकृत कराने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। मुकदमे के दौरान अरुण कुमार गुप्ता की मौत हो गई थी। बचाव और अभियोजन पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद बुधवार को त्वरित न्यायालय के अपर जिला जज सुशील कुमार वर्मा ने निर्णय सुनाया। दोष सिद्ध होने पर बद्री प्रसाद शिवहरे, शिवकुमार सविता, शिवराम शिवहरे को 10-10 वर्ष कठोर कारावास की सजा सुनाई गई। साथ ही प्रत्येक को एक-एक लाख रुपए के अर्थदंड से भी दंडित किया गया। न्यायालय के निर्णय के बाद आरोपियों को जिला कारागार भेज दिया गया।