चित्रकूट। नया गांव चित्रकूट निवासी दीपक बाइक से अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से चित्रकूट की ओर आ रहा था। इसी बीच सतना के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मझगवां भट्ठा के पास देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। तीनों दीपक के भाई विजय के जन्मदिन का केक काटकर बाइक से चित्रकूट लौट रहे थे।
नयागांव चित्रकूट थाना क्षेत्र के हरदुआ निवासी भैरो प्रसाद ने बताया कि एक बेटा विजय कुमार पटेल सतना में रहकर पढ़ाई करता है। शुक्रवार की शाम को उसका दूसरा बेटा दीपक कुमार पटेल (20) बाइक से अपने दोस्त उतैली बाईपास निवासी दोस्त सोनू उर्फ सौरभ विश्वकर्मा (20) व आदर्श नगर नई बस्ती निवासी आशु सिंह के साथ भाई विजय के जन्मदिन पर पार्टी करने मुक्तानगर सतना गया था। वहां से देर रात लौट रहे थे। तभी रास्ते में मझगवां ईट भट्ठा के पास पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। इससे तीनों घायल हो गए। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। पुलिस तीनों को लेकर अस्पताल पहुंची। डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया । थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।