राजापुर। गनीवां चौकी क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहरवा व मजरा सुरकिहा में बुधवार रात चोर चार घरों से 70 हजार रुपये और दो लाख के जेवर चुरा ले गए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
गांव के वासुदेव प्रजापति ने बताया कि चोर उनके घर में सेंध लगाकर घुस गए और बक्से का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये और मंगलसूत्र, पायल, बिछुवा आदि उठा ले गए। इसी गांव की अनुसुइया के घर का ताला तोड़कर चोर चावल के ड्रम में रखे तीन हजार रुपये व सोने-चांदी के जेवर उठा ले गए। इसी गांव के ही रामसिया के के घर से अलमारी में रखे 20 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर ले गए। इसके अलावा मजरा सुरकिहा में चोरों ने सुकरू प्रजापति की किराने की दुकान का ताला तोड़कर दुकान में रखे सात हजार रुपये व कुछ समान भी ले गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि चोरी की घटनाओं की सूचना मिली है। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर जानकारी ली है। घटना को अंजाम देने वाले जल्द ही गिरफ्तार किए जाएंगे।