पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेतीं छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
ग्रीन यूपी व क्लीन यूपी अभियान को सफल बनाने के लिए वन महोत्सव सप्ताह कार्यक्रम सोमवार से शुरू हुआ। कार्यक्रम में जिले के बेसिक, माध्यमिक व उच्च शिक्षण संस्थाओं के छात्रों व शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
मुख्यालय के चित्रकूट इंटर कालेज परिसर में डीएफओ वीके मिश्रा ने सभी शिक्षक व छात्रों को वन महोत्सव कार्यक्र्रम को सफल बनाने में पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इस दौरान पॉलीथिन का प्रयोग न करने और पौधों की देखभाल करने का भी संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार ने 11 जुलाई को पूरे प्रदेश में एक साथ पांच करोड़ पौधे लगाकर विश्व रिकार्ड बनाएगी।
जिसमें जिले के 159 स्थानों पर 13 लाख 59 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा एक लाख पौधे वन्यजीव विभाग रोपेगा। हर छात्र भी 5-5 पौधे रोपे। कालेज के प्रधानाचार्य डा. रणवीर सिंह चौहान ने कहा कि वृक्षों की कटान से पर्यावरण असंतुलित हो गया है। आए दिन प्रकृति की मार झेलनी पड़ रही है। पर्यावरण संरक्षण के लिए सबको जागरूक रहना चाहिए।