आषाढ़ी सोमवती अमावस्या पर आस्था का सैलाब उमड़ा कि दिन भर की रिमझिम बारिश भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक सकी। देर रात से ही खचाखच भरी ट्रेन व बसों से लाखों श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए तीर्थक्षेत्र पहुंचे। सुबह मंदाकिनी तट पर जयकारे लगे इसके बाद श्रद्धालुओं ने नदी में डुबकी लगाई। इसके बाद मत्गयेंद्रनाथ स्वामी को जलाभिषेक कर कामदगिरी पर्वत की परिक्रमा की।
रामघाट के आसपास डेरा जमाए लाखों श्रद्धालुओं ने रात बारह बजे ही मंदाकिनी में डुबकी लगानी शुरू कर दी थी। जैसे-जैसे समय आगे बढ़ा तो भीड़ का दबाव भी बढ़ता गया। कई घंटे तक रामघाट के आसपास भीड़ के कारण लोगों के सिर्फ सिर ही नजर आ रहे थे। डुबकी लगाने के बाद हाथ मेें जल का लोटा लेकर श्रद्धालु मत्यगयेंद्र नाथ स्वामी को जलाभिषेक करने पहुंचे। इस बीच बारिश होती रही। तेज बारिश के बीच श्रद्धालुओं का कारवां आगे बढ़ता गया। इसके बाद कामदगिरी की परिक्रमा लगाने श्रद्धालु पहुंचे तो जाम की स्थिति बन गई। यूपी और एमपी पुलिस कर्मियों को भीड़ का दबाव कम करने के लिए श्रद्धालुओं की टोली को मुख्य द्वार और खोही के पास रोकना पड़ा।
चित्रकूट। बारिश के बावजूद उम्मीद से ज्यादा श्रद्धालु तीर्थक्षेत्र पहुंचे। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांतिपूर्ण व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन सतर्क रहा। डीएम मोनिका रानी व एसपी केके चौधरी ने सुबह व शाम को मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। दोपहर को डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी भी मेला क्षेत्र पहुंचे। डीडीओ अजितेंद्र नारायण मिश्रा, सदर एसडीएम रजनीश मिश्रा व तहसीलदार एके सिंह ने रामघाट व पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया।
चित्रकूट। मेला क्षेत्र में अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए कुल सात सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। जिसमें सोमवार दोपहर तक पांच संचालित मिले। जानकारी के अनुसार बंदरों के तार तोड़ने से दो कैमरे बंद मिले। रामघाट कंट्रोल रूम की छत पर मौजूद सिपाही को बंदर ने खदेड़ भी लिया। जिसमें सिपाही नसीर अहमद को मामूली चोट भी आई।
चित्रकूट। मेला क्षेत्र में दिन भर गुप्तचर सिपाही सतर्क रहे। रामघाट के गेट पर प्रवेश द्वार पर लगे मेटल डिटेक्टर से तलाशी के बाद श्रद्धालु गुजरे। हालांकि एक दौर ऐसा भी आया कि जब भीड़ का दबाव बढ़ा तो सभी सिपाही किनारे खड़े हो गए। इसके अलावा गोताखोर पुलिस भी सतर्क रही। मंदाकिनी में सीटी बजाती नाव पर पुलिस टीमें घूमती रहीं। एक स्थान पर नहाते समय बीच धारा में पहुंचा एक युवक डूबने लगा। यह देखकर सतना होमगार्ड की गोताखोर टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को बचा लिया।
चित्रकूट। कर्मी रेलवे स्टेशन पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को चित्रकूट पब्लिक स्कूल के स्काउट गाइड छात्रों ने शीतल पानी पिलाकर पुण्य कमाया। इस दौरान स्कूल के प्रबंधक राजीव अग्रवाल, प्रधानाचार्य सुरेश चंद्रा, विजय गुप्ता, पुष्पेंद्र सिंह, लवकुश दिवाकर, देश दीपक, अभिमन्यू सिंह, प्रांशु, हर्षित गुप्ता, आयुष, राजपाल व विवेक गुप्ता मौजूद रहे। इसके अलावा पोद्दार इंटर कालेज के पास समाजसेवी देवेश जैन, योगेश जैन व पलटू केशरवानी ने श्रद्धालुओं को पूड़ी व सब्जी का प्रसाद खिलाया।