फोटो 07 सीकेटीपी-18-अमवां में तालाब होता काम। संवाद
चित्रकूट। जल संरक्षण व भूजल स्तर सुधारने के लिए ब्लॉक रामनगर के अमवा व मानिकपुर के धान गांव में तालाबों का जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो गया है। दोनों परियोजनाओं पर एक करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। रामनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत अमवा में स्थित तालाब के जीर्णोद्धार के लिए 66 लाख की राशि नीति आयोग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025–26 में स्वीकृत की गई है।
वहीं मानिकपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत धान में स्थित तालाब के पुनर्जीवन के लिए 34 लाख रुपये की धनराशि मंजूर हुई है। दोनों ही परियोजनाओं का क्रियान्वयन चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इससे आगामी वर्षा ऋतु से पहले इन तालाबों की जल संचयन क्षमता को बढ़ाया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि तालाबों के जीर्णोद्धार से वर्षा जल का बेहतर संचयन होगा। इससे भू-गर्भ जल स्तर में सुधार आएगा और क्षेत्र में जल संकट काफी हद तक कम हो सकेगा। इससे न केवल किसानों को लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय नागरिकों की दैनिक जल आवश्यकताओं की पूर्ति भी आसान होगी। इससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।